Outsource Employee Salary Increase: उत्तर प्रदेश के 10 लाख से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों की सैलरी में दोगुनी बढ़ोतरी होने वाली है। उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश आउटडोर सेवा निगम के गठन को मंजूरी दे दी है और जल्द ही कंपनी का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। इसके लिए मुख्य सचिव ने आदेश जारी कर दिए हैं। बता दें कि आउटडोर सेवा निगम के गठन को पहले ही कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है। इसके बाद अब कर्मचारियों की सैलरी में दोगुनी बढ़ोतरी होने जा रही है। इससे कर्मचारियों को न केवल सम्मानजनक मानदेय मिलेगा बल्कि आउटडोर सेवा निगम के अंतर्गत और भी कई सुविधाएं दी जाएंगी। इस निगम के माध्यम से कर्मचारियों को सैलरी बढ़ोतरी के साथ ही भविष्य में पेंशन का विकल्प भी मिलेगा।
कंपनीज एक्ट के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन जल्द
उत्तर प्रदेश कैबिनेट द्वारा निगम को मंजूरी मिलने के बाद गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मुख्य सचिव ने कंपनी एक्ट 2013 के अंतर्गत जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करने का निर्देश दिया है। निगम बनने के बाद लाखों आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। मुख्य सचिव ने सचिवालय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव को निगम का रजिस्ट्रेशन कराने और चार्टर्ड अकाउंटेंट की नियुक्ति करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही सभी विभागों को कहा गया है कि वे निगम के गठन से संबंधित मसौदे का अच्छे से अध्ययन करें।
आउटसोर्स निगम होगी पब्लिक लिमिटेड कंपनी
2 सितंबर को कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश आउटडोर सेवा निगम के गठन से संबंधित मसौदे को मंजूरी दी थी। यह एक पब्लिक लिमिटेड कंपनी होगी। निगम बनने के बाद विभाग आउटसोर्स के माध्यम से आवश्यक कर्मचारियों की मांग सीधे निगम से कर सकेंगे। वहीं, पहले से काम कर रहे 4 लाख से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी होगी और ESI, EPF और स्वास्थ्य बीमा योजनाओं का लाभ भी कर्मचारियों को मिलेगा।
वेतन में दोगुनी होगी बढ़ोतरी
आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए पारिश्रमिक की न्यूनतम दरें तय कर दी गई हैं। चपरासी, चौकीदार जैसे पदों के लिए न्यूनतम वेतनमान ₹20000 और डॉक्टर, इंजीनियर जैसे पदों के लिए ₹40000 निर्धारित किया गया है। यानी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की सैलरी में ₹10000 महीने की बढ़ोतरी होगी। वहीं लेक्चरर, प्रोजेक्ट ऑफिसर, अकाउंट ऑफिसर, असिस्टेंट आर्किटेक्ट, रिसर्च ऑफिसर जैसे पदों पर ₹20000 महीने तक की बढ़ोतरी होगी। श्रेणी 2 के अंतर्गत अकाउंटेंट, ट्रांसलेटर, कल्याण अधिकारी, ड्राफ्टमैन आदि को न्यूनतम ₹25000 वेतन मिलेगा। श्रेणी 3 के अंतर्गत ऑपरेटर, स्टोर कीपर, लाइब्रेरियन, मैकेनिक और सुपरवाइजर जैसे पदों को ₹22000 का न्यूनतम वेतन मिलेगा।
श्रेणी | न्यूनतम वेतन (₹) |
---|---|
चतुर्थ श्रेणी | 20,000 |
श्रेणी 2 (अकाउंटेंट, ट्रांसलेटर आदि) | 25,000 |
श्रेणी 3 (ऑपरेटर, लाइब्रेरियन आदि) | 22,000 |
उच्च पद (डॉक्टर, इंजीनियर आदि) | 40,000 |
महीने की 5 तारीख को वेतन
आउटसोर्स सेवा निगम बनने के बाद कर्मचारियों के वेतन को लेकर नए नियम लागू हो जाएंगे। अब महीने की 5 तारीख तक कर्मचारियों के खाते में वेतन जमा कर दिया जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों को मेडिकल लीव, आकस्मिक अवकाश, स्वास्थ्य बीमा और दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। निगम शुरू होते ही आउटसोर्स कर्मचारियों को यह सभी लाभ मिलने लगेंगे। विभागीय सूत्रों के अनुसार जल्द ही कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी मिलेगी।