Bonus for Central Government Employees: त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ी सौगात दे दी है। मोदी सरकार ने केंद्र सरकार के ग्रुप C और गैर राजपत्रित ग्रुप B कर्मचारियों को प्रोडक्टिविटी लिंक बोनस के तौर पर 30 दिन के वेतन के बराबर ऐड-हॉक बोनस देने का ऐलान कर दिया है। वित्त मंत्रालय ने सोमवार को आदेश जारी कर दिया है। अब आदेश के मुताबिक बोनस की राशि 6908 रुपए निर्धारित की गई है। बोनस का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले यह सबसे बड़ी खुशखबरी है।
किन-किन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
केंद्र सरकार द्वारा की गई घोषणा के बाद यह बोनस उन सभी कर्मचारियों को मिलेगा जो 31 मार्च 2025 तक सेवा में कार्यरत रहे हैं और जिन्होंने कम से कम लगातार 6 महीने का काम किया हो। अगर किसी कर्मचारी ने पूरे साल काम नहीं किया है तो उसे उतने ही महीने का बोनस मिलेगा जितने महीने उसने काम किया है। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और सशस्त्र बलों के पात्र कर्मचारी भी इस बोनस का लाभ ले सकेंगे। केंद्र शासित प्रदेशों के कर्मचारी जो केंद्र सरकार के वेतन ढांचे पर काम करते हैं और जिन्हें कोई अन्य बोनस नहीं मिलता है, उन्हें भी इस बोनस का लाभ मिलेगा। इसके साथ-साथ एड-हॉक कर्मचारी जिनकी सेवा में कोई रुकावट नहीं आई है, उन सभी को यह बोनस मिलेगा। इसके अलावा कैजुअल लेबर जो पिछले 3 सालों से लगातार काम कर रहे हैं, उन्हें भी सरकार द्वारा बोनस दिया जाएगा। इनका बोनस 1184 रुपए तक निर्धारित किया गया है।
दिवाली से पहले कर्मचारियों को खुशखबरी – जानें जरूरी बातें
बता दें, इस बोनस के पात्र केवल वही कर्मचारी होंगे जो 31 मार्च 2025 तक सेवा में बने रहे होंगे। ऐसे कर्मचारी जो इस तारीख से पहले रिटायर, इस्तीफा दे चुके हैं या जिनका निधन हो चुका है, तो उनमें से केवल वही कर्मचारी पात्र माने जाएंगे जिन्होंने कम से कम 6 महीने काम किया हो। जो कर्मचारी डेपुटेशन पर या अन्य संगठनों में कार्यरत हैं, उन्हें बोनस उनकी वर्तमान संस्था के अनुसार दिया जाएगा। बोनस की राशि निकटतम रुपए तक राउंड फिगर में दी जाएगी।
कैसे कैलकुलेट होगा बोनस
बोनस की गणना अधिकतम ₹7000 मासिक वेतन के आधार पर की जाएगी। मान लीजिए किसी कर्मचारी की सैलरी ₹7000 है, तो उसे ₹6907.89 यानी कि 6908 रुपए तक राउंड फिगर में बोनस दिया जाएगा। सरकार के इस फैसले के बाद लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और सुरक्षा बलों के जवानों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। इस त्यौहार के सीजन में उनके परिवारों को बोनस के तौर पर बड़ी राहत मिली है और कर्मचारियों की खुशी भी त्योहार पर दोगुनी हो गई है।